Colocynthis Vulgaris (Bitter Apple) – कोलोसिन्थिस
Colocynthis भयंकर पेट दर्द (Colic) जिसे 'दोहरा होने' या दबाने से आराम मिले, क्रोध से होने वाली बीमारियों और बाईं तरफ के शियाटिका (Sciatica) की अचूक होम्योपैथिक दवा है। जानें इसके लक्षण।
Colocynthis (कोलोसिन्थिस), जिसे इन्द्रायण भी कहा जाता है, होम्योपैथी में मुख्य रूप से स्नायु-शूल (Neuralgic pains), उदर शूल (Colic) और क्रोध से उत्पन्न होने वाले रोगों के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण औषधि है।
व्यापक-लक्षण तथा मुख्य-रोग (Generals and Particulars)
- पेट, डिम्ब-कोश, डिसेन्ट्री आदि का दर्द: जिसमें दोहरा होने (Doubling up) तथा कड़ी वस्तु (Hard pressure) से दबाने से आराम मिले।
- मानसिक कारण: घृणामिश्रित-क्रोध (Indignation / Anger with indignation) से दर्द आदि रोग उत्पन्न होना।
- शियाटिका (Sciatica): शियाटिका का दर्द जिसमें दबाने से आराम मिले (मुख्यतः बाईं तरफ / Left side)।
- चेहरे का दर्द (Facial Neuralgia): कोलोसिन्थ, बेलाडोना और मैग फॉस की तुलना।
- चक्कर (Vertigo): चक्कर आना जिसमें बाईं तरफ गिरने का डर हो।
प्रकृति (Modalities) - लक्षण कम या ज्यादा होना
लक्षणों में कमी (Better / Amelioration):
- जोर से दबाने से (Hard pressure) आराम।
- गर्मी (Warmth/Heat) से रोगी को आराम।
- पाखाने (Stool) के बाद रोगी को आराम।
- पेट से हवा (Flatus) निकलने पर रोगी को आराम।
- दोहरा होने से (Bending double) आराम।
लक्षणों में वृद्धि (Worse / Aggravation):
- दुःख (Grief), क्रोध (Anger / Indignation) से रोग में वृद्धि।
- बिना दर्द की तरफ (Painless side) लेटने पर दर्द बढ़ना।
- बाईं तरफ (Left side) रोग का प्रकोप।
विस्तृत विवरण (Detailed Description)
1. पेट, डिम्ब-कोश, डिसेन्ट्री आदि का दर्द जिसमें दोहरा होने तथा कड़ी वस्तु से दबाने से आराम मिले
- यह पेट के दर्द (Colic) की सर्वोत्तम औषधि है।
- दोहरा होने से आराम: पेट में इतना दर्द होता है कि रोगी दोहरा हो जाता है (Bending double)। दोहरा होने से पेट पर जो दबाव पड़ता है, उससे उसे आराम मिलता है। पेट-दर्द में दोहरा हो जाना इस औषधि का चरित्रगत-लक्षण (Keynote symptom) है।
- कड़ी वस्तु का दबाव: वह दोहरा हो जाता है, या किसी कड़ी वस्तु (Hard object) से पेट को दबाता है। कुर्सी, टेबल या जो कोई भी कड़ी चीज पास हो, उससे पेट को दबाने लगता है।
- गैस और दर्द: आंतों में रुकी हुई पेट की हवा फंसी (Incarcerated flatus) होती है जिससे दर्द होता है। हवा से गुड़-गुड़ शब्द (Rumbling) होता है। नाभि-प्रदेश (Umbilical region) से दर्द उठकर ऊपर सारे पेट में फैल जाता है।
- पाखाना आने से राहत: पाखाना (Stool) आ जाने से फौरन आराम आ जाता है, परन्तु कुछ देर बाद फिर दर्द शुरू हो जाता है, जो अगली बार पाखाना आने तक बना रहता है। यह क्रम लगातार चलता है।
- दर्द की प्रकृति: जिन पर इस औषधि की परीक्षा (Proving) हुई है, उनका कहना है कि आंतों में दर्द ऐसा होता है मानो पत्थरों के बीच आंतों को मसला जा रहा हो (As if intestines were squeezed between stones), मानो आंतें फूट जायेंगी। रोगी सीधा होकर नहीं खड़ा हो सकता, हाथ से पेट को दबाकर खड़ा होता है। ऐसे दर्द में Colocynthis से तत्काल, चमत्कारपूर्ण लाभ होता है। यह दर्द मुख्य तौर पर 'स्नायविक' (Neuralgic) होता है। इसके साथ रोगी को कय (Vomiting) तथा दस्त (Diarrhea) भी आ जाता है। यह कय तथा दस्त पेट या आंतों की किसी खराबी का परिणाम न होकर 'दर्द का ही परिणाम' होता है।
- डिम्ब-कोश (Ovary) का दर्द जब पेट दबाने से आराम मिले: कभी-कभी स्त्रियों के 'डिम्ब-कोश' (Ovary) में भी ऐसा दर्द (Ovarian colic) होता है जिसमें दोहरा होने से रोगी को आराम मिलता है। डिम्ब-कोश के ऐसे दर्द में Colocynthis को स्मरण करना चाहिये।
- यह समझना भूल है कि यह औषधि सिर्फ पेट-दर्द में ही काम आती है। जिस किसी रोग में रोगी को दोहरा होने से, या पेट को किसी कड़ी वस्तु से दबाने से आराम मिले, उसी रोग में यह औषधि उपयुक्त है।
- डिसेन्ट्री (Dysentery) में जब पेट को दबाने से आराम मिले: डिसेन्ट्री (पेचिश) में जब Aconite, Mercurius, Nux Vomica से लाभ न हो, और दर्द या ऐंठन बड़ी आंतों से ऊपर जाकर छोटी आंतों में पहुंच जाय, और पेट दबाने से रोगी को चैन पड़े, तब इस औषधि से लाभ होता है। डिसेन्ट्री में इन लक्षणों के होने पर Colocynthis को नहीं भूलना चाहिये।
📌 पेट-दर्द की मुख्य-मुख्य औषधियां (Comparison of Colic Remedies)
Aloe (एलू): इसका दर्द भी आंतों में रुकी हुई, फंसी हुई हवा के कारण होता है, पखाना होने के बाद Colocynthis की तरह दर्द चला जाता है, परन्तु रोगी पसीने से तर-ब-तर और अत्यन्त शक्तिहीन (Prostrated) हो जाता है।
Belladonna (बेलाडोना): इसके पेट दर्द में भी पेट को जोर से दबाने से आराम मिलता है, परन्तु इस दर्द की विशेषता यह है कि यह एकदम आता है और एकदम ही चला भी जाता है (Pain comes and goes suddenly)।
Carbolic Acid (कार्बोलिक ऐसिड): इसका दर्द Belladonna की तरह एकदम आता है, कुछ देर रह कर एकदम ही चला जाता है। दूध पीते बच्चों और बूढ़ों में इस औषधि के विशेष लक्षण पाये जाते हैं।
Chamomilla (कैमोमिला): हम अभी देखेंगे कि क्रोध आदि मानसिक कारणों से Colocynthis का पेट-दर्द, या डिम्ब-कोश का दर्द हो जाता है, Chamomilla में भी क्रोध से दर्द हो जाता है। परन्तु Chamomilla में पेट-दर्द में 'दोहरा हो जाना' नहीं पाया जाता। अगर बच्चे का पेट फूलने से दर्द हो, बच्चा पेट दर्द से हाथ-पैर पटकता हो, दांत निकल रहे हों, स्वभाव से चिड़चिड़ाहट दिखलाता हो, तो Chamomilla देना चाहिये।
China (चायना): रोगी के पेट दर्द में दोहरा हो जाने का लक्षण China में भी है, परन्तु इसमें पेट का अफारा (Tympanites), फल आदि खाने से पेट दर्द का होना, इस कारण बदहजमी होना, या जी मिचलाना आदि पाया जाता है।
Colchicum (कोलचिकम): इसके पेट दर्द में पेट में बर्फ का सा ठंडापन (Icy coldness) महसूस होता है।
Cuprum Metallicum (क्यूप्रम): इसके पेट दर्द में ऐंठन (Spasms) होती है, ऐसा अनुभव होता है कि पेट पीछे मेरु-दंड (Spine) की तरफ खिंच रहा है। ठंडा पानी पीने से दर्द में आराम पड़ता है। आंत के कुछ हिस्से के अगली आंत में फंस जाने पर (Intussusception of the bowel) इससे विशेष लाभ होता है।
Dioscorea (डायोस्कोरिया): यह औषधि Colocynthis से उल्टी है। Colocynthis में पेट के बल झुकने (Bending forward) से पेट-दर्द में आराम आता है; इसमें पीठ की तरफ झुकने से (Bending backward), टेढ़े होने या सीधे खड़े होने (Standing erect) पर आराम आता है।
Magnesium Phosphoricum (मैगनेशिया फॉस): इसमें Colocynthis के-से ही लक्षण हैं। पेट में बड़ा सख्त दर्द होता है, रोगी चिल्लाने लगता है, दोहरा होने से दर्द में आराम मिलता है, हाथ से दबाने से भी रोगी को ठीक लगता है। मुख्य तौर पर गर्म बोतल द्वारा 'पेट पर सेक' (Warm application / Heat) से पेट-दर्द ठीक होता है, जो Colocynthis में (उतना प्रमुख) नहीं है। अगर Colocynthis और Chamomilla से पेट-दर्द ठीक न हो, तो Mag Phos इस दर्द को ठीक कर देता है।
Stannum Metallicum (स्टैनम): इसमें भी दर्द में पेट को दबाने से आराम मिलता है। बच्चे को मां अपने कन्धे पर उसका पेट दबाकर थामे रहे (Carrying the child resting on its stomach), तो वह ठीक अनुभव करता है। जरा सी भी हरकत से रोगी चिल्लाने लगता है, दायीं तरफ लेटने से लोग में वृद्धि होती है।
2. घृणामिश्रित-क्रोध से दर्द आदि रोग उत्पन्न होना (Ailments from Anger with Indignation)
- प्रायः घरों में स्त्री-पुरुष के पारस्परिक वैमनस्य (Discord) से झगड़े उठ खड़े होते हैं। एक-दूसरे के चरित्र पर सन्देह होने लगता है, इन झगड़ों में क्रोध (Anger) तो होता ही है, घृणा (Indignation / अपमान की भावना) भी होती है। इनके परिणामस्वरूप पेट, सिर, कमर, डिम्ब-कोश आदि में स्नायु-शूल (Neuralgia) हो जाता है।
- स्त्री-पुरुष में ही नहीं, घर-गृहस्थी के काम में नौकर-चाकरों से लड़ाई हो जाती है। नौकर ने बेशकीमती गलीचे पर स्याही उड़ेल दी, इस पर गृहिणी ने जो नौकर को डांटना शुरू किया कि बेचारी को सिर का या कमर का दर्द होने लगा।
- इस प्रकार के घृणामिश्रित-क्रोध से, या सिर्फ क्रोध से, मन उद्विग्न हो जाय (Upset mind), तो उसका परिणाम एक नहीं, अनेक रूप धारण कर सकता है। पेट का दर्द, क्रोध से ऋतुस्राव (Menses) रुक जाय तब दर्द, मुख-मंडल (Facial), नेत्रों (Eyes) तथा आंतों (Intestines) में स्नायु-शूल—इस प्रकार के अनेक दर्द क्रोध से हो जाते हैं जिनमें Colocynthis अचूक काम करता है।
3. शियाटिका का दर्द जिसमें दबाने से आराम मिले (Sciatica - Left Sided)
- शियाटिका (Sciatica) के लिये चिकित्सक लोग आम तौर पर Colocynthis दिया करते हैं, परन्तु 'बिना लक्षणों के' यह होम्योपैथी नहीं है।
लक्षण: यह औषधि शियाटिका को तभी आराम करती है जब 'जोर से दबाने' (Hard pressure) से दर्द को आराम हो, क्योंकि दबाने से आराम आना इस औषधि का चरित्रगत-लक्षण है। इसके अतिरिक्त गर्म सेक से आराम (Relieved by heat), पड़े रहने से (Resting) रोग का बढ़ जाना, हरकत से (Motion) घटना—ये लक्षण भी आवश्यक हैं।
बाईं तरफ: Colocynthis का दर्द बड़ी नसों में होता है। Colocynthis का शरीर के बायें भाग (Left side) पर विशेष प्रभाव है (यद्यपि दायें पैर के शियाटिका में भी यह असर करता है)।
बाँह का दर्द जिसमें दबाने से आराम मिले: यह औषधि केवल जांघ के शियाटिका के दर्द में ही उपयोगी नहीं है, बाँह के दर्द (Neuralgia of arm) में भी अगर 'दबाने से' और 'सेक से' आराम हो, तो यह उसे ठीक कर देती है।
उदाहरण: इसका चरित्रगत लक्षण—दबाने से आराम, गर्म सेक से आराम—इन लक्षणों के आधार पर जर्मन डॉक्टर स्टाफर (Dr. Stauffer) ने एक स्त्री की बाईं कोहनी (Left elbow) के दर्द को, जो कोहनी से अंगुलियों तक फैल जाता था, इस औषधि की उच्च-मात्रा (High potency) से ठीक कर दिया। Colocynthis के दर्द प्रायः बिस्तर पर लेटने पर, संभवतः उसकी गर्मी के कारण (Warmth of bed), ठीक हो जाते हैं।
📌 शियाटिका के दर्द को दूर करने की मुख्य-मुख्य औषधियां (Remedies for Sciatica)
i. Colocynthis (कोलोसिन्थ): प्रायः बाईं टांग का दर्द जांघ से नीचे पैर तक फैलता है, दबाने और सेकने से या बिस्तर की गर्मी से आराम मिलता है।
ii. Kali Carbonicum (कैलि कार्ब): घुटने तक दाईं जांघ में दर्द, आराम से दर्द बढ़ना, दर्द वाली टांग की तरफ लेटने से भी दर्द बढ़ता है।
iii. Valeriana (वेलेरियन): डॉ. नैश ने एक गर्भवती स्त्री का तीव्र शियाटिका का रोग इससे इन लक्षणों पर ठीक कर दिया कि रोगिणी जब तक लेटी रहती थी या पैर को स्टूल पर रख कर बैठती थी (Resting the leg), तब दर्द नहीं होता था; खड़े होने या फर्श पर पैर रखने से दर्द शुरू हो जाता था।
iv. Bryonia (ब्रायोनिया): दर्द का हरकत (Motion) से बढ़ना और दर्द वाली टांग की तरफ लेटने (Lying on painful side) से दर्द घटना इसका मुख्य लक्षण है।
v. Magnesia Phosphorica (मैग फॉस): गर्म सेक से आराम (Better by heat/warmth) इसमें विशेष रूप से पाया जाता है।
vi. Phytolacca (फाइटोलैक्का): शियाटिका का दर्द जांघ के बाहर की तरफ (Outer side of thigh) से नीचे तक फैलता है।
vii. Gnaphalium (नेफेलियम): शियाटिका (गृध्रसी) की यह उत्तम औषधि है। तेज-दर्द के साथ रोग वाली जगह का 'सुन्न' (Numbness) हो जाना या एक बार दर्द और दूसरी बार सुन्न हो जाना (Pain alternating with numbness) इसका विशेष लक्षण है।
viii. Arsenicum Album (आर्सेनिक): शियाटिका का दर्द मध्य-रात्रि (Midnight) को बढ़ता है।
ix. Ruta (रूटा): दर्द पीठ से उठकर कूल्हे (Hips) से होता हुआ जांघों में चला जाता है।
4. चेहरे का दर्द (Facial Neuralgia) - तुलना
चेहरे के दर्द में तीन औषधियों को ध्यान में रखना उचित है। वे हैं—Colocynthis, Belladonna और Magnesium Phos।
Belladonna (बेलाडोना): यह दाईं तरफ (Right side) की दवा है। इसका दर्द ठंड (Cold) से होता है। दर्द तीव्र (Violent) होता है, चेहरा लाल हो जाता है, सिर गर्म, किसी को छूने नहीं देता (Sensitive to touch)।
Colocynthis (कोलोसिन्थ): यह बाईं तरफ (Left side) की दवा है। इसका दर्द क्रोध (Anger) से होता है। दर्द लहरों (Waves) में आता है, सेक से, दबाने से चैन पड़ता है, आराम करने से दर्द बढ़ जाता है और प्रायः मानसिक उत्तेजना या चिड़चिड़ेपन से प्रारंभ होता है।
Magnesia Phosphorica (मैग फॉस): इसका दर्द थोड़ी देर तक होता है, बिजली की तरह नस के मार्ग पर (Lightning-like along the nerve) चलता है, गर्म सेक और दबाव से इसे भी आराम मिलता है।
5. चक्कर आना जिसमें बाईं तरफ गिरने का डर हो (Vertigo turning to left)
- यह औषधि, जैसा पहले लिखा जा चुका है, शरीर के बायें भाग पर विशेष प्रभाव रखती है। वह चक्कर जिसमें रोगी यह अनुभव करे कि वह बायीं तरफ गिर रहा है, इस औषधि के अन्तर्गत है।
- एक व्यक्ति जो चक्कर (Vertigo) की बीमारी से कई वर्ष पीड़ित रहा था, हर तरह से स्वस्थ था परन्तु 'बाईं तरफ मुड़कर नहीं देख सकता था' क्योंकि बाईं तरफ सिर फेरते ही उसे चक्कर आ जाता था, वह इस औषधि से ठीक हो गया।
6. शक्ति तथा प्रकृति (Potency and Nature)
- शक्ति (Potency): 3, 30, 200। (स्नायु शूल में 200 शक्ति अधिक कारगर है)।
- प्रकृति: औषधि 'सर्द' (Chilly) प्रकृति के लिये है।
त्रिकों की श्रृंखला (Series of Trios):
- डॉ. केंट के अनुसार: Causticum, Colocynthis, Staphisagria — यह एक श्रृंखला का त्रिक (Trio) है। Colocynthis, Causticum, Staphisagria — यह दूसरी श्रृंखला का त्रिक है, जो लक्षणानुसार एक-दूसरे के बाद दिये जाते हैं (ये एक-दूसरे के पूरक/Complementary के रूप में काम करते हैं)।
- डॉ. केंट की उल्लिखित “त्रिकों की श्रंखला- Series of Trios” का एक साथ उल्लेख हमने कैली सल्फ़ में किया है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQ)
प्रश्न 1: Colocynthis (कोलोसिन्थ) का सबसे प्रमुख और चरित्रगत लक्षण क्या है?
उत्तर: इसका सबसे प्रमुख (Keynote) लक्षण भयंकर पेट दर्द है, जिसमें रोगी को 'दोहरा होने' (Bending double) और पेट को किसी कड़ी वस्तु (जैसे कुर्सी या हाथ) से 'जोर से दबाने' (Hard pressure) पर ही आराम मिलता है।
प्रश्न 2: मानसिक कारणों या गुस्से से होने वाली बीमारियों में इसका क्या उपयोग है?
उत्तर: यह दवा 'घृणामिश्रित-क्रोध' (Anger with indignation) की एक बहुत बड़ी औषधि है। यदि किसी झगड़े, अपमान या मन में गुस्सा दब जाने के बाद व्यक्ति को पेट दर्द, सिर दर्द, चेहरे का दर्द (Facial neuralgia) या शियाटिका शुरू हो जाए, तो यह दवा अचूक काम करती है।
प्रश्न 3: शियाटिका (Sciatica) के दर्द में Colocynthis का चुनाव कब करना चाहिए?
उत्तर: जब शियाटिका का दर्द मुख्य रूप से 'बाईं टांग' (Left side) में हो, और रोगी को दर्द वाली जगह को 'जोर से दबाने' तथा 'गर्म सिकाई' (Heat/Warmth) करने से आराम महसूस हो, तब यह सबसे उपयुक्त दवा है।
प्रश्न 4: पेट दर्द में Colocynthis और Mag Phos (मैग फॉस) में क्या अंतर है?
उत्तर: दोनों ही दवाओं में पेट दर्द में दोहरा होने और दबाने से आराम मिलता है। लेकिन Mag Phos में मुख्य रूप से आराम 'गर्म सिकाई' (गर्म पानी की बोतल रखने) से मिलता है, जबकि Colocynthis में रोगी को मुख्य आराम पेट को 'कड़ी वस्तु से जोर से दबाने' से मिलता है। यदि कोलोसिन्थ से दर्द न जाए, तो मैग फॉस उसे ठीक कर देती है।
प्रश्न 5: क्या यह दवा महिलाओं के रोगों में भी लाभकारी है?
उत्तर: जी हाँ, यदि महिलाओं को डिम्ब-कोश (Ovary) में या मासिक धर्म (Menses) के दौरान ऐसा भयंकर दर्द हो जो गुस्सा आने के बाद शुरू हुआ हो और जिसे पेट दबाने व दोहरा होने से आराम मिले, तो यह दवा बहुत तेजी से राहत पहुंचाती है।
यह सामग्री सिर्फ शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है और से पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए।